पुंछ(ब्यूरो)। नगर में दस स्थानों पर पिछले दस दिनों से चलाए जा रहे निशुल्क संस्कृत संभाषण शिविर सम्मपन हो गए। इनमें नगर के करीब 500 बच्चों और युवाओं ने संस्कृत भाषा सीखी। इस उपलक्ष्य में रविवार को नगर स्थित गीत भवन में संस्कृत संभाषण शिविरों का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद के पूर्व जिला प्रधान ओमप्रकाश शर्मा और शिविर के संचालक गुजरात के प्रफूल पुरोहित ने की। पहीं पद्मश्री से सम्मानित पूर्व प्रिंसिपल शंभू नाथ खजूरिया मुख्य अतिथि रहे। समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। अपने संबोधन में वक्ताओं ने संस्कृत भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब से सृष्ठी की रचना हुई है, संस्कृत भाषा का प्रचलन है। ऐसे में हमें इस देव वाणी को बोलना और लिखना आना चाहिए।