पुंछ। सोमवार को 18 दिनों के बाद एक बार फिर चक्का द बाग की राह-ए-मिलन खोली गई, जहां पुंछ-रावलाकोट बस के जरिये 85 भारत-पीओके नागरिक नियंत्रण रेखा के आर-पार हुए। इस मौके पर पुंछ स्पोर्ट्स स्टेडियम अपनों से बरसों बाद मिलने की खुशी में लोगों की आंखें छलर्क आइं।
दोपहर करीब सवा तीन बजे पुंछ जिला मुख्यालय से करीब तेरह किलोमीटर की दूरी पर चक्का द बाग की राह-ए-मिलन खोली गई, जहां से पुंछ-रावलाकोट बस में सवार होकर 31 लोग पीओके गए। इनमें सभी 31 नागरिक भारत में अपने रिश्तेदारों के पास एक महीना गुजार कर अपने वतन लोटे।
वहीं तनाव के चलते एक भी भारतीय नागरिक उस पार अपनों से मिलने के लिए नहीं गया। इस मौके पर पाक अधिकृत क्षेत्र से रावलाकोट-पुंछ बस में सवार होकर 54 लोग भारतीय क्षेत्र में पहुंचे। इनमें 37 पीओके नागरिक पहली बार भारत में अपने रिश्तेदारों से मिलने पहुंचे, जबकि 17 भारतीय नागरिक पीओके में अपने रिश्तेदारों के पास एक महीना गुजार कर वतन लौटे।
गौरतलब है कि पिछले महीने की 29 तारीख को अंतिम बार पुंछ-रावलाकोट बस उस पार गई थी। इसके बाद नियंत्रण रेखा पर पांच भारतीय जवानों के शहीद किए जाने के चलते पुंछ-रावलाकोट बस नहीं गई थी। नियंत्रण रेखा पर हालात नाजुक होने के बाद भी सोमवार को 18 दिन बाद पुंछ-रावलाकोट बस चली। इससे पहले सुबह नौ बजे से ही नगर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में मार्मिक वातावरण बना हुआ था।