जम्मू। विश्वविद्यालय में नया सत्र शुरू होने के साथ ही पहली बार पढ़ने के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा है। विवि के विभिन्न विभागों में दूसरे दिन मंगलवार को पहुंचे अधिकांश विद्यार्थियों का समय दोस्ती करने या फिर स्कूल और कालेज के समय में बने दोस्तों के साथ गपशप के नाम रहा। इसके अलावा ऐसे छात्रों की भी कमी नहीं थी, जिन्होंने घूम कर विभाग के अलावा कैंपस को देखा या फिर अपने टाइम टेबल के अलावा अन्य कई चीजों की जानकारी हासिल की।
सोमवार से विश्वविद्यालय में सेशन शुरू होने के साथ ही पहली बार विवि पहुंचे छात्रों में खासा उत्साह है। स्टैटिक्स विभाग के छात्र अनिल वर्मा, राजनीति विज्ञान विभाग की छात्रा हरनाम कौर, बाटनी के छात्र संजय शर्मा आदि का कहना था कि पहले कुछ दिनों में वह विभाग के अलावा कैंपस के बारे में पूरी जानकारी हासिल करना चाहते हैं। कौन सा विभाग कहां है, उनके बाकी दोस्तों के दाखिले जिन अन्य विभागों में हुए हैं वह कहां हैं, टाइम टेबल क्या होगा, कक्षाएं कहां लगाई जाएंगी आदि के बारे में उन्होंने जानकारी जुटाई। प्रयोगशालाएं कहां कहां है, केंद्रीय पुस्तकालय की सदस्यता के लिए क्या औपचारिकताएं हैं आदि के बारे में भी उन्होंने जाना। इसके अलावा उन्होंने नए दोस्त भी बनाए और कुछ ऐसे दोस्त भी थे जो स्कूल और उसके बाद कालेज में उनके साथ पढ़ते थे।