जम्मू। 434 किलोमीटर लंबे श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे पर कई स्थानों पर बादल फटने के बाद पस्सियां गिरीं। इसके चलते बुधवार रात से बंद लेह श्रीनगर हाईवे पर वीरवार को भी वाहन नहीं दौड़ सके। हाईवे पर पस्सियां गिरने से सौ से ज्यादा लोग वाहनों समेत फंस गये थे। इनमें अधिकतर लेह सप्लाई के लिए जा रहे खाद्य पदार्थों एवं अन्य आवश्यक सामान से लदे ट्रकों के ड्राइवर शामिल थे। वीरवार को सेना और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाये गए राहत अभियान के बाद लेह-श्रीनगर मार्ग पर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लद्दाख के फ्रंटियर क्षेत्र को जोड़ने वाले एकमात्र लिंक रोड बजरीनाला तथा जोजिला इलाके के बीच बुधवार की रात कई जगहों पर मिट्टी के ताेंदे गिरने से मार्ग बंद हो गया था। इससे लगभग 50 वाहन फंस गए थे। इनमें ज्यादातर आवश्यक सामानों से भरे हुए थे। हाईवे पर फंसे लोगों को निकालकर सोनमर्ग लाया गया है। हालांकि, नेशनल हाईवे पर कई स्थानोें पर पस्सियां गिरीं होने के कारण वीरवार को भी यातायात बंद रहा। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ‘सड़क की सफाई का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है और शुक्रवार को यातायात बहाल होने की संभावना है।’ उधर, बुधवार को बादल फटने के बाद बांडीपोरा के गुरेज सेक्टर में लापता बीएसएफ के हेड कांस्टेबल एनके तिवारी का दूसरे दिन के खोज अभियान के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला था। सीमांत क्षेत्र गुरेज में बादल फटने से बीएसएफ के छह जवान जख्मी हो गए थे और पोस्ट के अलावा आठ मकान बह गए थे।