जम्मू। डीजल की कीमत में बढ़ोतरी, रिटेल क्षेत्र में एफडीआई को मंजूरी और एलपीजी को लेकर यूपीए सरकार के फैसलों को जन विरोधी बताते हुए शिवसेना हिंदुस्तान के कार्यकर्ताओं ने वीरवार को कच्ची छावनी में प्रदर्शन कर यूपीए सरकार का पुतला जलाया। पुतला जलाने से पूर्व वहां खड़े पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों से पुतला छीनने की कोशिश की, जिससे शिवसैनिकों और पुलिस में धक्का-मुक्की हो गई। प्रदेशाध्यक्ष राजेश केसरी ने कहा कि सरकार जन विरोधी खासतौर से गरीब जनता के खिलाफ फैसले ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपीए सरकार घोटालों को छिपाने के लिए लोगों का ध्यान इस मामले से हटाने के लिए एफडीआई को मंजूरी दे रही है और डीजल समेत एलपीजी पर भी जन विरोधी फैसले लिये गये हैं।