जम्मू। जिम्नेजियम हाल, विवि में चल रही अंतर कालेज बास्केटबाल (पुरुष) चैंपियनशिप में त्रिकुटा कालेज और जीजीएम साइंस कालेज ने अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसके अलावा पिछले साल के विजेता पीजी विभाग और उपविजेता एसपीएमआर कामर्स कालेज सीधे क्वार्टर फाइनल में माइट तथा डोगरा ला कालेज से भिड़ेंगे। शारीरिक शिक्षा विभाग, विवि की ओर से करवाई जा रही इस प्रतियोगिता में सोमवार को त्रिकुटा कालेज ने जीसीईटी को एकतरफा मुकाबले में 31-16 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने शुरू से ही सामने वालों पर दबाव बनाकर खेलना शुरू किया और उन्हें सफलता भी मिली। हालांकि जीसीईटी की ओर से भी कई आक्रमण हुए, मगर त्रिकुटा कालेज की मजबूत रक्षापंक्ति के आगे उनकी एक न चली। मंगलवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में त्रिकुटा कालेज एमएएम कालेज से भिड़ेगा। इसी तरह जीजीएम साइंस कालेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर गवर्नमेंट डिग्री कालेज पलोड़ा को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 30-22 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में विजेता टीम गवर्नमेंट डिग्री कालेज कठुआ से भिड़ेगी। इसके अलावा पिछले साल की विजेता टीम पीजी विभाग क्वार्टर फाइनल में डोगरा ला कालेज से मुकाबला करेगी। डोगरा को अखनूर से वाकओवर मिला। पिछले साल की उपविजेता टीम को भी एस्काम से वाकओवर मिलने पर वह माइट के साथ क्वार्टर फाइनल में लड़ेगी। इन मुकाबलों में राजेंद्र मगोत्रा, मनोज कुमार, निशा, निना नारायणी ने तकनीकी अधिकारियों की भूमिका निभाई। इससे पूर्व विभाग के निदेशक प्रो. ध्यान सिंह भाऊ ने प्रतिभागियों से परिचय करते हुए उन्हें आगे बढ़ने को प्रेरित किया।
और पढ़ें