जम्मू। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर मंगलवार को विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक संस्थानों और गैर सरकारी संस्थाओं ने कार्यक्रम में बापू को याद किया। समाज को बापू के सिद्धांतों पर चलने के लिए प्रेरित किया। युवाओं को अहिंसा के पद पर चलने पर जोर दिया गया। उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनकी प्रेरणा को अपनाने का संकल्प लिया गया।
श्री गांधी सेवा सदन में गांधी जयंती धूमधाम से मनाई गई। वक्ताओं ने बापू को श्रद्धांजलि देते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने पर बल दिया। समारोह में रोमेश लत्ता, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे। एस्ट्रोकिड्स प्लेवे स्कूल में भी गांधी जयंती की धूम रही। वक्ताओं ने बच्चों को बापू की जीवनी से जोड़ा। इसी तरह यहां आत्म बल्लव जैन चैरिटेबल क्लीनिक की ओर से निशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 70 मरीजों के दांतों की जांच करके निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में डा. वीके राजदान, डा. जेके नरगोत्रा, प्रदीप जैन, डा. नंदिता शर्मा, इंद्रजीत जैन, सुदर्शन जैन ने सेवाएं दीं। खादी ग्राम मंडल जम्मू में भी गांधी जयंती धूमधाम से मनाई गई। गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते हुए भजन गाकर पूरे माहौल को भक्तिमय बनाया गया। वक्ताओं ने कहा कि अहिंसा के दम पर बापू ने दुनिया को नई दिशा दिखाई। महासरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रेशम घर परिसर से गांधी जयंती पर गांधी ग्लोबल फाउंडेशन और भारत रतनामक समाज के सहयोग से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा चौथी से आठवीं तक के बच्चों ने वार्ड 13 का दौरा कर बापू के मुख्य भजन रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम आदि को गाकर बापू का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इस मौके पर राजेश चंद्र ने प्रभातफेरी को हरी झंडी दिखाते हुए बच्चों को बापू की जीवनी के बारे में बताया। समारोह में विजय कुमार मल्होत्रा आदि मौजूद रहे। जेएंडके एक्स लेजिस्लेटर वेलफेयर काउंसिल ने गांधी जयंती पर बापू को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। इसके अलावा लाल बहादुर शास्त्री को भी याद किया गया। जेएंडके पुलिस पब्लिक स्कूल मीरां साहिब के गांधी हाउस और सुभाष हाउस में गांधी जयंती पर भजनों के अलावा बच्चों ने दांडी मार्च पर स्किट प्रस्तुत की। जेएंडके खादी एंड विलेज इंडस्ट्री बोर्ड जम्मू ने कैंप कार्यालय, प्रदर्शनी ग्राउंड पर गांधी जयंती धूमधाम से मनाई। विभागीय स्तर पर सामूहिक रूप से आयोजित किए गए इस समारोह में वक्ताओं ने गांधी जी के सिद्धांतों के लिए जरूरत मंद लोगों की मदद करने का आह्वान किया। समारोह में डीपी खजूरिया, पीके नरगोत्रा आदि मौजूद रहे।
विनायक इंस्टीट्यूट आफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस की ओर से गांधी जयंती पर वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें काफी संख्या में छात्रों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एडी सिंह के अलावा प्रिंसिपल डा. रमणजीत कौर ने गांधी दर्शन पर विचार रखे। श्री राम सेना की ओर से न्यू रिहाड़ी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसमें विभिन्न वक्ताओं ने राष्ट्रपिता के जीवन, आजादी में उनके योगदान और दर्शन पर विचार रखे। इस मौके पर श्री राम सेना के राज्य अध्यक्ष राजीव महाजन, अजय गुप्ता, बाल कृष्ण अरोड़ा, पवन चौधरी, शिव कुमार शर्मा, विजय गुप्ता, रघुवीर कृष्ण गुप्ता आदि विशेष रूप से उपस्थित थे।