जम्मू। जम्मू में हरी पैलेस में वकीलों द्वारा आयोजित ईद, दीवाली, गुरु पर्व मिलन के आयोजन पर पहुंचे मुख्यातिथि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज बेहतर बनता है। जम्मू में ऐसा देखने को मिला है, जहां इस तरह के आयोजन सबसे अधिक होते हैं और लोग आपसी प्रेम से रहते हैं। उनके अनुसार दीवाली ईद मिलन में वह कई वर्षों से भाग ले रहे हैं। जब राजीव गांधी, नरसिम्हा राव की सरकार में वह मंत्री थे, तो कई गैर राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लिया करते थे। जम्मू कश्मीर का मुख्यमंत्री रहने के दौरान आपसी भाईचारे को हमेशा बढ़ावा दिया गया।
बार एसोसिएशन और वकीलों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि व्यापारिक, सामाजिक संगठन सिविल समाज का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इस मौके पर कई लोगों को भी सम्मानित किया। जिन्होंने समाज के लिए बेेहतर काम किया। इनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री मंगत राम शर्मा, शहीद उदयवीर सिंह की पत्नी व डीएसपी शैली सिंह की मां दर्शन कौर, बलवंत ठाकुर, गांधी ग्लोबल फैमिली के अध्यक्ष एसपी वर्मा, एडवोकेट एसएस आनंद, डा अशोक वेद, पूर्व डिप्टी मेयर रानी बलौरिया, सीनियर एडवोकेट हाजी गुलाम मोहम्मद अंसारी, सुरेंद्र कौर और लद्दाख हार्ट फाउंडेशन अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर के थूपसन चोगयाल को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद लाल सिंह, उपमुख्यमंत्री तारा चंद, पीएचई मंत्री ताज मोईदीन, हज मंत्री पीरजादा मोहम्मद सईद, मेडिकल शिक्षा मंत्री आरएस चिब, राज्य मंत्री एजाज अहमद खान, कोपरेटिव मंत्री डा. मनोहर लाल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार देवेंद्र सिंह राणा, जम्मू वेस्ट के विधायक प्रो. चमन लाल गुप्ता आदि मौजूद थे।