जम्मू। कोलकाता से जम्मू तवी आने वाली सियालदह एक्सप्रेस का स्टाप घग्वाल में भी बनाए जाने की मांग पर रविवार सुबह स्थानीय लोग रेल रोको आंदोलन करेंगे। स्थानीय लोगों की मांग है कि लंबी दूरी की सभी ट्रेनों विशेषकर सियालदह एक्सप्रेस का स्टाप घग्वाल में बनाया जाए। लोग सुबह छह बजे ही घग्वाल स्टेशन पर पहुंच जाएंगे। कोलकाता से जम्मू आने के दौरान सियालदह एक्सप्रेस जब घग्वाल स्टेशन पर पहुंचेगी तो लोग इसे रोक कर अपना प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन के कारण जम्मू पहुंचने वाली अन्य ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी। सुबह सियालदह का जम्मू पहुंचने का समय 8.20 मिनट है। इसके दो तीन घंटे के भीतर ही करीब आधा दर्जन ट्रेेनें जम्मू पहुंचती हैं। इस प्रदर्शन से आधा दर्जन देरी से पहुंचने वाली ट्रेनों के प्रभाव के कारण रविवार को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान में विलंब आ सकता है। लोगों की इस प्रदर्शन की सूचना के कारण आरपीएफ इंचार्ज राजेश राणा रात के समय ही रवाना हो गए। एक विशेष कंपनी को भी घग्वाल रेलवे स्टेशन के लिए रवाना कर दिया है। ट्रेनों के आवागमन में कोई प्रभाव नहीं पड़े। जीआरपी पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया।