दोमाना। जम्मू-अखनूर मार्ग पर सड़क हादसों में हो रही मौतों को लेकर पुरखू कैंप स्थित पालिटेक्नीक कालेजों के छात्रों ने सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन किया। इस मौके पर कालेजों के छात्रों के साथ नेशनल पैंथर्स स्टूडेंट यूनियन के नेता भी साथ थे। प्रदर्शन का मुख्य कारण गत पंद्रह दिनों में कालेज के दो छात्रों की जम्मू अखनूर मार्ग पर सड़क हादसों में मौत होना था। नेशनल पैंथर्स स्टूडेंट यूनियन ग्रामीण क्षेत्र के टेक्निकल विंग प्रधान दीपक राज पांडे के नेतृत्व में राज्य सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन किया। इन लोगोें की मांग थी कि जम्मू अखनूर मार्ग को चौड़ा किया जाए। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रोजाना सड़क हादसों में लोगों की मौतें हो रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से इन हादसों को लेकर कोई चिंता नहीं दिखाई गई है। इस मौके पर पांडे का कहना था कि अखनूर मार्ग मौत का मार्ग बनता जा रहा है। विधायक और सांसद लोगों को झूठे भरोसे दिला रहे हैं। यूनियन के राज्य अध्यक्ष प्रताप सिंह जंवाल का कहना था कि इस मार्ग से उपमुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और सांसद अक्सर रोजाना गुजरते हैं। इन लोगों ने इस सड़क के बारे में कुछ नहीं सोचा। उन्होंने टेक्निकल छात्रों का बीमा करने की मांग सरकार से की। मारे गए छात्रों के घर वालों को राहत राशि दी जाए। मार्ग पर वाहनों पर नियंत्रण के लिए ज्यादा ट्रैफिक कर्मियों को इस मार्ग पर लगाया जाए। इस मौके पर केशव शर्मा, अजय खजूरिया, अनिल, आसिफ, अजय, साहिल, शफकत, अंकित, रोहित, रोयल, आकिब, सौरभ आदि उपस्थित थे।
और पढ़ें