जम्मू। पांच दिन पहले बख्शी नगर इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में पानी की टंकी से मिले महिला के शव के बाद गुस्साए मृतक के घर वालों ने ससुरालियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए बख्शी नगर थाने के बाहर बुधवार को प्रदर्शन किया। लोगों ने सड़क जाम करके पूर्व मेयर कविंद्र गुप्ता के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की है। करीब आधे घंटे तक लगे जाम के चलते लोगों को खासी दिक्कतों से गुजरना पड़ा। तब पुलिस मौके पर जाकर ससुराल पक्ष की तीन महिलाओं सहित मृतका के पति को पकड़ कर थाने लाई तो मामला थोड़ा शांत हुआ। भड़के लोगों ने थाने के अंदर आकर भी प्रदर्शन को जारी रखा और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उचित कार्रवाई करने का विश्वास दिलाया।
गौरतलब है कि पंद्रह दिसंबर को बख्शी नगर इलाके में नीतू गुप्ता पत्नी संदीप महाजन का शव उसके ससुराल घर में पानी की टंकी से मिला था। पति तथा परिवार के सदस्यों ने लगातार यही कहा था कि नीतू घर से लापता थी और वे भी उसे काफी ढूंढने का प्रयास कर रहे थे। तब नीतू के घर वालों ने जाकर पानी की टंकी में देखा तो नीतू का शव मिला। पुलिस ने धारा 174 की कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी और शव का पोस्टमार्टम करवा दिया। उधर, नीतू के मायके वालों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को नीतू के पति तथा ससुराल पक्ष की महिलाओं से पूछताछ करने की मांग की, लेकिन पुलिस लगातार टालमटोल करती रही। नीतू के मायके वालों ने पुलिस की आनाकानी के चलते बुधवार को बख्शी नगर थाने के बाहर सड़क जाम कर दी और ससुराल पक्ष से नीतू के पति संदीप महाजन, सास और दो ननदों को गिरफ्तार करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने संदीप महाजन को बचाने के प्रयास कर रहे उसके जीजा पूर्व मेयर कविंद्र गुप्ता के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। आधे घंटे तक सड़क बंद रही। दोनों तरफ लोग अपने वाहन बंद करके रास्ता खाली होने का इंतजार करते रहे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन प्रदर्शनकारियों ने एक नहीं मानी। तब पुलिस ससुराल पक्ष से पति, मां, ननद तथा जेठानी को थाने लाई तो प्रदर्शनकारी शांत हुए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई को जारी रखते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग उठाई।