जम्मू/आरएस पुरा। घराना पहुंचने वाले प्रवासी पक्षी मुश्किल में हैं। कारण भी साफ है। कुछ लोगों द्वारा कुछ दिन पहले चलाए जाने वाले पटाखों के चलते कई पक्षी वेटलैंड में रुकने से डर रहे हैं। हाल यह है कि डरे पक्षी घराना के आसपास अन्य पानी के स्रोतों पर पहुंच गए हैं। वन्य जीव विभाग ने इस संबंध में एसडीएम और डीसी आफिस को सूचित कर अवगत करवा दिया है। जम्मू जिले के आरएस पुरा तहसील में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित घराना वेटलैंड पर हर साल सर्दियों में हजारों की संख्या में प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं लेकिन इस साल प्रवासी पक्षी नई मुसीबत से दो-चार हैं। कुछ लोग पक्षियों के पहुंचने से खुश नहीं हैं। ऐसे लोगों ने पिछले कुछ दिनों से बीच-बीच में पटाखे चलाए। वन्य जीव विभाग के वार्डन जम्मू राजा सईद का कहना है कि विभाग ने अधिकारियों को सूचित कर दिया है और उम्मीद है कि जल्द कदम उठा लिए जाएंगे।