श्रीनगर। पुलिस ने श्रीनगर में चल रहे कोचिंग और ट्यूशन सेंटर्स के नजदीक गश्त को तेज कर दिया है। इस दौरान मंगलवार को बरज़ुल्ला बाघात में अवैध तरह से चल रहे ऐसे सेंट्रर्स के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी है। पुलिस ने मंगलवार सुबह कई ट्यूशन सेंटर्स और कोचिंग सेंटर्स के साइन बोर्ड उखाड़ दिए और फरमान जारी कर दिया है कि युवा और युवतियां अलग-अलग वक्त पर पढ़ाए जाएं। पुलिस की यह सख्ती हाल ही में बरजुल्ला क्षेत्र के नजदीक परंपोरा में एक युवती पर तेजाब फेंके जाने के बाद सामने आया। पुलिस श्रीनगर में चलाए जा रहे तमाम कोचिंग सेंटर्स का डाटा जमा करने का काम भी लगा हुआ है। इस दौरान मंगलवार को सभी कोचिंग सेंटर मालिकों से पुलिस ने बैठक की। बैठक के दौरान पुलिस ने कोचिंग सेंटर मालिकों को हर तरह की मदद देने का भरोसा दिलाया, ताकि कोचिंग सेंटर्स के आसपास पूरी सुरक्षा को यकीनी बनाया जा सके । पुलिस के मुताबिक तेजाब के हमले के बाद हर माता-पिता को बच्चों की फिक्र लगी हुई है। इसलिए पुलिस की कोशिश है कि ऐसा कोई मामला फिर से पेश न आए। बैठक के दौरान श्रीनगर पुलिस एसएसपी आशिक बुखारी ने कोचिंग सेंटर मालिकों को सुरक्षा के लिए उठाए गए ठोस कदमों का भरोसा दिलाया। इस दौरान कोचिंग सेंटर्स के मालिकों ने पुलिस की ओर से उठाए गए कदमों के साथ पूरा साथ देने का यकीन दिलाया, ताकि ऐसे गुंडों पर लगाम कसी जा सके। एसएसपी श्रीनगर आशिक बुखारी ने कोचिंग सेंटर मालिकों को पुलिस के साथ सहयोग करने को कहा। उन्होंने कोचिंग सेंटर मालिकों से छात्रों को आई कार्ड देने के निर्देश जारी किए, ताकि छात्रों की बराबर पहचान हो सके। उन्होंने कहा कि कोचिंग सेंटर्स के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाएंगे। उन्होंने कोचिंग सेंटर्स को पुलिस के नंबर भी दिए, ताकि ऐसी घटनाओं पर काबू पाया जा सके।