जम्मू। वीरवार को वसंत के पीले और वेलेंटाइन के सुर्ख रंग से सराबोर रहा शहर। बाजार पर वसंत के मुकाबले वेलेंटाइन भारी नजर आ रहे थे। शहर में कुछ लोगों ने वसंत पंचमी आज मना ली तो कुछ शुक्रवार को मना रहे हैं। प्रेम का रंग सुबह से ही बिखरने लगा था। कुछ शिक्षण संस्थाओं में मां सरस्वती का पूजन कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रेस्तराओं, पार्कों, सिनेमाघरों और शहर के अन्य लवर प्वाइंटों पर खासी गहमा-गहमी थी। वेलेंटाइन के हिमायतियों की भी और उनके विरोधियों की भी। पुलिस थी, लेकिन वह प्रेमी जोड़ों को बेरोकटोक विचरने में बाधक ही बनी। कई जोड़ों ने इस बाधा से बचने के लिए लांग ड्राइव का लुत्फ उठाया। पोस्टपेड मोबाइलों पर संदेशों का आदान-प्रदान भी देर रात तक चलता रहा। फूलों का कारोबार भी खूब फला-फूला।त्रिशूल लेकर भगाने पहुंचे
बजरंग दल और हिंदू शिवसेना कार्यकर्ताओं ने बाग ए बाहु पहुंचकर वहां मौजूद युवक-युवतियों को भगा दिया। इनमें से कई कार्यकर्ताओं के हाथ में त्रिशूल या डंडे भी नजर आ रहे थे। पुलिस भी इन्हें रोकने से ज्यादा प्रेमी जोड़ों को वहां से हटाने में लगी थी। कुछ युवाओं ने अपने साथ बदसलूकी किए जाने की भी शिकायत की है। इनमें से कुछ के साथ छीना-झपटी भी की गई। इन युवाओं का कहना था कि हमारी आजादी का हनन किया जा रहा है, लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। छात्राओं ने वसंत पंचमी मनाईवसंत पंचमी के उपलक्ष्य में महिला कालेज गांधी नगर के म्यूजिक विभाग ने कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई। उसके बाद छात्राओं ने मां शारदा की आरती उतारी। इस मौके पर संगीत की छात्राओं ने राग ललित और राग मालकौस को पेश किया। जिन छात्राओं ने प्रस्तुतियों में हिस्सा लिया उनमें आकाश प्रिया, सुजाता, नाजिया, भावना, तरणजीत, हरमीत और दीक्षा शामिल थी। छात्राओं का तबले पर प्रभजोत सिंह ने बिमला देवी ने साथ दिया।