जम्मू। विश्वविद्यालय में चल रही वार्षिक एथलेटिक मीट में वीरवार दूसरे दिन भी विभिन्न फील्ड स्पर्धाओं में कांटे की टक्कर रही। इसमें ट्रिपल जंप, 400 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो, 1500 मीटर दौड़ आदि स्पर्धाओं में युवा खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर कई पदक अपनी झोली में डाले। इसमें पुरुष खिलाड़ियों के साथ महिला खिलाड़ियों ने भी जोश दिखाया। शारीरिक शिक्षा विभाग विवि की ओर से वीरवार को पुरुष वर्ग के ट्रिप्पल जंप में पीजी विभाग के अमित शर्मा ने बाजी मारी। जीजीएम साइंस कालेज के दिलीप गंडोत्रा को दूसरे और गवर्नमेंट डिग्री कालेज कठुआ के अंकुश सैनी को तीसरे स्थान से संतुष्टि करनी पड़ी। 400 मीटर दौड़ में जीजीएम साइंस कालेज के विकास सैनी ने सबको पीछे छोड़ा। एनएडीसी फिंतर के यासीर एयाज को दूसरा और गवर्नमेंट डिग्री कालेज आरएस पुरा के रमनीक सिंह को तीसरा स्थान हासिल हुआ। डिस्कस थ्रो में मेजबान पीजी विभाग के पंकज कुमार ने सबको शिकस्त दी। पीजी के ही गौरव पठानिया ने दूसरा और डोगरा लॉ कालेज के हनीश मानवा ने तीसरा स्थान हासिल किया। 1500 मीटर दौड़ में गवर्नमेंट डिग्री कालेज सांबा के राकेश कुमार ने सबको पछाड़ा। पीजी के ही पंकज कुमार दूसरे और जीजीएम साइंस कालेज के एयाज अहमद तीसरे स्थान पर रहे। 4*100 मीटर रिले दौड़ में पीजी विभाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया। टीम में विकेश कुमार, मनोज सिंह, सुनील शर्मा और अमित शर्मा शामिल रहे। महिला वर्ग के ट्रिपल जंप में पीजी विभाग की ममता शर्मा ने सबको शिकस्त दी। गवर्नमेंट डिग्री कालेज सांबा की आशु छंबयाल को दूसरा और पीजी विभाग की मोनिका चलोत्रा को तीसरा स्थान मिला। डिस्कस थ्रो में महिला कालेज उधमपुर की गुलशन बेगम पहले, पीजी विभाग की अमरप्रीत कौर दूसरे और महिला कालेज परेड की सद्दाफ इकबाल खान तीसरे स्थान पर रही। 1500 मीटर दौड़ में गवर्नमेंट डिग्री कालेज सांबा की सुचि देवी ने सबको पछाड़ा। पीजी विभाग की एकता रानी को दूसरा और वंदना देवी को तीसरा स्थान मिला।
और पढ़ें