जम्मू। एमए स्टेडियम के इंडोर कक्ष में मंगलवार को हुई जम्मू जिला रेसलिंग चैंपियनशिप में युवा रेसलरों ने दम दिखाया। उन्होंने दिखाया कि अगर उन्हें प्रोत्साहन मिले तो वे किसी से कम नहीं हैं। विभिन्न भार वर्गों में विजेता रेसलरों ने प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया।
जेएंडके रेसलिंग एसोसिएशन और जेएंडके स्पोर्ट्स काउंसिल के सहयोग से करवाई गई इस चैंपियनशिप में 55 किलोग्राम भार वर्ग में अश्विनी कुमार ने सबको पछाड़कर बाजी मारी। इसी वर्ग में ओमकार सिंह को दूसरे और अजय भारती को तीसरे स्थान से संतुष्टि करनी पड़ी। 60 किलोग्राम भार वर्ग में भूषण मेहरा ने बाजी मारी। आरिफ खान दूसरे और रुस्तम चौधरी तीसरे स्थान पर रहे। 66 किलो भार में लवकेश सिंह ने सबको मात दी। साहिल सिंह को दूसरा और हुसैन कुमार को तीसरा स्थान हासिल हुआ। 74 किलो भार वर्ग में यूनुस खान ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। दलवीर सिंह को दूसरा और रियाज अहमद को तीसरा स्थान हासिल हुआ। 84 भार में बहादुर खान ने सबको पराजित कर पहला स्थान हासिल किया। रणवीर सिंह को दूसरा और राज कुमार को तीसरा स्थान हासिल हुआ। 96 भार में जावेद खान पहले और मोहम्मद अकरम दूसरे स्थान पर रहे। 96 से ज्यादा भार वर्ग में इशहाद अहमद पहले और विजय कुमार दूसरे स्थान पर रहे। इस दौरान युवा रेसलरों की हौसला आफजाई करने दिलीप ठुसू, दुष्यंत शर्मा, सतीश अबरोल, नरेंद्र महाजन, अजय वेद, ओम प्रकाश, धीरज आदि पहुंचे।