जम्मू। नवाबाद पुलिस थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर पर बाइक दुर्घटना में एक सेल्समैन संजय कुमार पुुत्र राम लाल निवासी चौकी चौरा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक दीपू पुत्र प्रेमू और सोमराज पुुत्र काकू राम निवासी रामनगर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब दो बजे विक्रम चौक से सिटी की तरफ जा रहे तीन युवक एक ही बाइक पर सवार थे। तीनों युवक शहर में एक प्राइवेट दुकान पर सेल्समैन का काम करते हैं। फ्लाईओवर पर जैसे ही बाइक पहुंची तो ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया, जिसके कारण बाइक स्लिप कर गई। रात को फ्लाईओवर से जा रही गाड़ियों ने इस दुर्घटना को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचित किया। नवाबाद पुलिस स्टेशन से फ्लाइंग की जिप्सी तुरंत मौके पर पहुंच गई। तीनों घायलों को जीएमसी अस्पताल पहुंचाया। इनमें एक युवक संजय कुमार की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हादसे की रिपोर्र्ट दर्ज की। पुलिस के अनुसार सभी युवकों की उम्र 18 वर्ष के करीब है। गरीब परिवार से संबंध रखने के कारण तीनों प्राइवेट दुकान पर सेल्समैन का काम करते हैं। रात को छुट्टी के बाद सभी घूमने के इरादे से निकले और हादसा हो गया।
वहीं, सैनिक कालोनी क्षेत्र में भी बाइक सवारों ने एक बुजुर्ग राहगीर खुशी राम (75) निवासी आदर्श विहार को घायल कर दिया। इस हादसे के कारण ही बाइक पर सवार दोनोें युवक गणेश पुत्र दयाराम और अंकु पुत्र गिरधारी लाल निवासी शेरगढ़ी गिद्डगली भी गंभीर रूप से घायल हो गए।