जम्मू। भगवती नगर आश्रम में पहली बार होली पर सत्संग के रंगों से निहाल करने शुक्रवार शाम को मंदिरों के शहर में पहुंचे संत आसाराम बापू का अनुयायियों ने पुष्प वर्षा से स्वागत किया। आसाराम बापू आश्रम में शनिवार से शुरू हो रहे दो दिनी सत्संग में जम्मूवासियों के साथ आध्यात्मिक होली खेलेंगे। इसमें विशेष तौर पर पलाश के फूलों से बने रंगों का प्रयोग किया जाएगा।
आसाराम बापू शनिवार की सुबह पहुंचने वाले थे, लेकिन जैसे ही उनके अनुयायियों को शुक्रवार शाम को बापू के पहुंचने की सूचना मिली हर कोई आश्रम की ओर दौड़ पड़ा। महिला अनुयायियों ने हाथों में कलश और पुष्पों के साथ उनका स्वागत किया। जम्मूवासियों की मांग पर वे पहली बार होली पर यहां सत्संग करने पहुंच रहे हैं। इससे पूर्व शुक्रवार शाम को सत्संग के लिए सारी तैयारियां पूर्ण कर
ली गईं।
सत्संग आयोजन समिति के प्रधान पूर्ण शर्मा के अनुसार, सत्संग में लाखों लोगों की भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। आश्रम तक स्थानीय और दूसरे राज्यों से आने वाले भक्तों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए रेलवे स्टेशन सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर दिशा निर्देश केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। होली के लिए विशेष पंडाल का निर्माण किया गया है। सत्संग सुबह नौ बजे से शुरू होकर शाम तक जारी रहेगा।