जम्मू। ‘अब तो उतनी भी नहीं मिलती मयखाने में, जितनी छोड़ दिया करते थे पैमाने में...’, ‘हुई महंगी बहुत ही शराब के, थोड़ी-थोड़ी पिया करो ...।’ इस तरह की गजले दो से तीन दशक पहले अकसर सुनने को मिलती थीं। लेकिन अब यह गजलें हकीकत में बदलने लगीं हैं। रियासती सरकार ने भी लाल परी के शौकीनोें को झटका देते हुए एक अप्रैल से शराब की कीमतों में भारी इजाफा कर दिया है। यानी कि अब या तो जाम टकराने के लिए जेब कुछ ज्यादा ढीली करनी होगी या फिर शराब के शौकीनोें को अपने ब्रांड से कुछ नीचे आना होगा। वैसे तो वित्त मंत्री अब्दुल रहीम राथर ने अपने बजट में ही शराब की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा कर दी थी, लेकिन इसे लागू एक अप्रैल से किया गया। इस संबंध में जेएंडके एक्साइज विभाग ने अधिसूचना भी जारी कर दिया है। हालांकि बीयर के शौकीनों के लिए राहत की बात यह है कि रियासत में बीयर बनाने वाली कंपनियों और अन्य राज्यों से आने वाली बीयर की कीमतों को लेकर कुछ विवाद हो गया है। सूत्रोें से मिली जानकारी के अनुसार एक्साइज विभाग के अधिकारी दिनभर रेट तय करने के लिए मशक्कत करते रहे, लेकिन किसी अंतिम फैसले पर नहीं पहुंच पाए। अब विभाग ने अधिसूचना में कहा है कि बीयर के बढ़े रेट 15 अप्रैल से लागू होेंगे।
अब रियासत में विदशी वाइन, शैम्पन, स्कॉच या फिर वोदका सौ से 200 रुपये (750 एमएल) महंगी हो गई है। इसके अलावा नए टैक्स लगने से देश में बनने वाली व्हिसकी, रम, वोदका, जिन आदि की प्रत्येक बोतल पर 10 से 45 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा फ्रूटी पीने वाले तबके को भी वित्त मंत्री ने नहीं बख्शा।
180 एमएल की फ्रूटी 33 की जगह 35, 250 एमएल की फ्रूटी 46 की जगह 48 और 375 एमएल की फ्रूटी 69 की जगह 72 रुपये में मिलेगी।