जम्मू। ट्रेनाें में इस वर्ष का बढ़ा हुआ किराया वसूलना शुरू हो गया है। प्रत्येक टिकट पर किलोमीटर के हिसाब से बढ़ा हुआ किराया वसूला जा रहा है। हालांकि उधमपुर और जम्मू से लेकर जालंधर तक किराए में बढ़ोतरी नहीं हुई है लेकिन इससे आगे के सफर के लिए किराया वसूला जा रहा है। किराये को लेकर कठुआ से आगे टीटीई नोटिफिकेशन बताकर यात्रियों से किराया ले रहे हैं और रसीद दी जा रही है। दो सौ किमी से आगे पांच रुपये से लेकर सौ रुपये तक किराया बढ़ेगा। इसके अलावा तत्काल टिकट, आरक्षित टिकट, वेटिंग लिस्ट वाली टिकट को रद करने पर वसूली जाने वाली फीस भी आज से बढ़ गई। इसे टिकट काउंटर से ही वसूला जा रहा है।
इसके अलावा जम्मू से भी चार ट्रेनों का ऐलान किया गया था। इसमें दो ट्रेनों के स्टेशन का विस्तार और एक नई ट्रेन शुरू होनी थी। चौथी ट्रेन कटड़ा से कालका जी तक चलाई जानी थी लेकिन कटड़ा से ट्रेन शुरू नहीं होने के कारण ऐसा अभी नहीं हो पाया है। आज के बाद विस्तार हुई ट्रेनों में कानपुर जम्मू तवी एक दिन के बजाय दो दिन और जम्मू तवी बरौनी एक्सप्रेस भागलपुर तक जाएगी। जिन यात्रियों ने अप्रैल महीने से पहले ही टिकटें आरक्षित कराई हैं, उनसे एक बार फिर टीटीई सरचार्ज के तौर पर बढ़ाया गया किराया वसूलेंगे। नई ट्रेनों के चलाने और उसके विस्तार से लोगों को ट्रेनों की भीड़ से कुछ राहत मिलेगी। यह भी संभावना है कि गर्मियों की छुट्टियों में और ट्रेन चलाई जा सकती है।