जम्मू। अपनी लंबित मांगों के हल न होने से नाराज सोमवार को जेएंडके पटवार एसोसिएशन के झंडे तले पटवारियों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया। जम्मू में जिला उपायुक्त कार्यालय परिसर में पटवारियों ने प्रदर्शन किया और काम छोड़ हड़ताल शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पांच मार्च 2012 को तत्कालीन राजस्व मंत्री रमण भल्ला ने पटवारियों की मांगों को 31 मार्च 2012 तक पूरा करने का आश्वासन दिया था लेकिन साल से ज्यादा होने के बाद भी सरकार ने वादे को पूरा नहीं किया। 29 मार्च 2013 को पटवार एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के अलावा संबंधित मंत्री और विभाग के अधिकारियों को नोटिस जारी कर हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दे दी थी। सोमवार से राज्य भर में तहसील मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। प्रांतीय प्रधान रमण शर्मा ने कहा कि पटवारियों की मुख्य मांगों में वेतन विसंगतियों को दूर करना, पारदर्शी तबादला नीति लागू करना, नायब तहसीलदारों की सीधी भर्ती को रोकना, गिरदावरों और नायब तहसीलदारों की डीपीसी, नये पटवार खाने होने आदि मांगें शामिल है। मंगलवार को भी धरना प्रदर्शन जारी रखा जाएगा।