जम्मू। पिछले पंद्रह दिनों से जारी राजस्व विभाग के पटवारियों ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को मंगलवार से और तीव्र करने का ऐलान किया है। अब तक जिला उपायुक्त कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन तक सीमित अपने आंदोलन को सड़क तक ले जाने का फैसला लिया गया है। इसके तहत जिला उपायुक्त कार्यालय से शहीदी चौक तक रोष रैली निकाली जाएगी।
जेएंडके पटवारी एसोसिएशन के बैनर तले पटवारियों ने सोमवार को 15वें दिन भी कामकाज न करते हुए हड़ताल जारी रखी। एसोसिएशन के प्रदेश पदाधिकारियों ने डीसी आफिस पहुंचकर पटवारियों को संबोधित किया। संभागीय प्रधान रमण शर्मा और अफाक अहमद शोपयानी ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को हर बार की तरह आश्वासन देकर टालमटोल कर देती है लेकिन अब वे सरकार की बातों में नहीं आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि वे अपनी हड़ताल को तब तक जारी रखेंगे, जब तक सरकार उनकी मांगों को स्वीकार नहीं कर लेती है। तहसील प्रधान संजीवन शर्मा के नेतृत्व में पटवारियों ने जिला उपायुक्त कार्यालय में प्रदर्शन जारी रखा। पटवारियों की हड़ताल से राजस्व विभाग का कामकाज बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पांच मार्च 2012 को तत्कालीन राजस्व मंत्री रमण भल्ला ने उनकी मांगों को 31 मार्च 2012 तक पूरा करने का विश्वास दिलाया था लेकिन एक वर्ष बाद भी सरकार अपने वादे पर खरी नहीं उतरी है।