जम्मू। मई माह में गर्मी आखिरकार अपने रंग में आ ही गई। हर दिन के साथ सूरज की तपिश तेज होती जा रही है। हाल यह है कि दोपहर को लोग घरों के भीतर ही रहना पसंद कर रहे हैं। फिलहाल शहरवासियों को गर्मी से कोई राहत मिलने वाली नहीं है। शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी आफ एग्रीकल्चर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (स्कास्ट) जम्मू की ओर से भारतीय मौसम निदेशालय के सहयोग से जारी एग्रोमेट एडवाइजरी बुलेटिन के अनुसार 11 मई तक बारिश के आसार नहीं है। हालांकि बारह मई को बारिश के आसार हैं।
पिछले कुछ दिनों की तरह ही मंगलवार को भी सूरज खूब तपा और गर्मी ने कोई रहम नहीं किया। पूरा दिन धूप रहने से दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के साथ-साथ रात का पारा भी सामान्य से ज्यादा चल रहा है। सोमवार रात को पारा सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में गर्मी के और बढ़ने की संभावना है। इस दौरान शहर का दिन का तापमान 40 जबकि रात का पारा 25 डिग्री तक पहुंच सकता है।
बुलेटिन में किसानों के लिए भी सलाह जारी की गई है। किसानों को बिना देरी किए जल्द से जल्द गेहूं की फसल काटने की सलाह दी गई है। इसके अलावा चारे के लिए ज्वार की फसल के अलावा गर्मियों की मूंग और माश की दाल को जा सकती है।