जम्मू। आखिर सरकारी मुलाजिमों के सब्र का बांध टूट गया। सरकार को 22 मई तक दिए गए मांगें मानने के अल्टीमेटम के पूरा होने के बाद वीरवार को कर्मचारियों ने अपने राज्यव्यापी आंदोलन के तहत जम्मू में मंडलायुक्त कार्यालय के बाहर हल्ला बोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने इस अवसर पर सरकार विरोधी नारेबाजी की और सरकार पर कर्मचारी विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर नौ जून तक मांगें पूरी न हुईं तो दस जून को कर्मचारियों के संयुक्त मंच ज्वाइंट कंसल्टेटिव कमेटी (जेसीसी) के झंडे तले श्रीनगर में सचिवालय घेराव किया जाएगा।
जेसीसी की कोर कमेटी के सदस्य मोहम्मद गफूर डार, गणेश खजूरिया, रवि सिंह भाऊ और कुलवंत सिंह की अगुवाई में मुलाजिमों ने सरकार पर आरोप लगाया कि जेसीसी के साथ समय-समय पर किए समझौतों को सरकार ने पूरा नहीं किया है। गफूर डार ने सरकार को चेतावनी दी कि कर्मचारियों के मसलों को नौ जून तक हल न किया गया तो दस को कर्मचारी श्रीनगर सचिवालय का घेराव करेंगे। प्रदर्शन में अमरीक सिंह, राजिंद्र कुमार, मौलवी मुनीर अहमद, दर्शन सिंह, मौलवी नजीर अहमद, रविंद्र सिंह, रमेश सिंह आदि ने भी अपने विचार प्रकट किए।