जम्मू। चौथी मुगल रैली में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की स्क्रूटनिंग वीरवार को श्रीनगर में होगी। इस संबंध में मंगलवार को जम्मू से सिमुला टीम श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। श्रीनगर में 28-29 जून को हो रही इस रैली में सिमुला टीम में आठ वाहनों में कार रेसर हवा से बातें करेंगे। इसमें दो महिला रेसर आकर्षण का केंद्र रहेंगी। टीम की श्रीनगर में 27 जून को स्क्रूटनिंग होगी। अंडर लेग-1 में एक्सट्रीम और अंडर लेग-1 इंडयूरो वर्ग में रैली का आयोजन किया जाएगा।
श्रीनगर गोल्फ कोर्स से 28 जून को अंडर लेग-1 (एक्सट्रीम) कार रैली शुरू होकर पुलवामा, शोपियां, हीरपुर, दबजां, पीर की गली, बफलियाज, शोपियां होकर वापस श्रीनगर पहुंचेगी। इसी तरह लेग-1 (इंडयूरो) में रैली श्रीनगर से शुरू होकर पंपोर, पुलवामा, शोपियां, दबजां, पीर की गली, बफलियाज, थन्नामंडी, राजोरी, अखनूर से होते हुए जम्मू पहुंचेगी।
29 जून को लेग-2 में एक्सट्रीम रैली श्रीनगर से खन्नाबल, काजीगुंड, विरिनाग, कोकरनाग, दक्षुम, सिंथन पास से होकर श्रीनगर लौटेगी। लेग-2 इंड्यूरो रैली दूसरे दिन जम्मू से शुरू होकर रियासी, माहौर, गूल, रामबन और वापस हाईवे से होती हुई श्रीनगर में संपन्न होगी।