जम्मू (ब्यूरो)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव प. मुरलीधर राय ने कहा कि चीन पर प्रधानमंत्री की नीति घातक है। यूपीए सरकार सामाजिक, आर्थिक सहित हर स्तर पर विफल रही है। लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। शुक्रवार को जम्मू में राष्ट्रवाद विषय पर हुई परिचर्चा में राय ने कई अनुभव बांटे। उन्होंने कहा कि भारत राष्ट्र संपूर्ण है। संविधान में भी कई चुनौतियां रही हैं। इसे अपनाकर कई देश टूट गए लेकिन भाषा, वेश, खानपान, रहन-सहन अलग होने के बावजूद भारत आज भी संविधान से जुड़कर एक है। भारत को दूसरे देशों के साथ मिलाकर राष्ट्रवाद पर चर्चा नहीं कर सकते हैं। संकल्पना के लिए भारत के इतिहास, संस्कार, परंपरा और अन्य घटनाओं पर ही चर्चा हो सकती है। भारत में जिस तरह चेतना का विकास और विस्तार हुआ है, वह विश्व की किसी सभ्यता में नहीं हुआ है। भारतीयों ने नदियों के साथ अपने रिश्ते जोड़कर दिखाए हैं, जो कहीं भी नहीं हैं। राष्ट्र के प्रति भक्तिभाव और पवित्रता होनी चाहिए। नदियों, पहाड़ियों, भूमि स्थान ने भारत देश को पवित्र बनाया है।