जम्मू। जन्माष्टमी पर पतंगबाजी के कारण शहर और आसपास क्षेत्रों से पतंगबाजी के कारण डोर से कटने और छिटपुट हादसों में एक दर्जन युवा घायल हुए। इन युवाओं का सरवाल, गांधीनगर, जम्मू मेडिकल कालेज अस्पताल में उपचार किया गया। जानकारी के अनुसार परेड क्षेत्र में कटी हुई पतंग को पकड़ने के चक्कर में स्कूटर से टकराने के कारण एक किशोर सोनू निवासी मोती बाजार घायल हो गया। कच्ची छावनी चौक में भी सड़क पर बिखरी डोर बाइक सवार गुलशन कुमार निवासी मस्तगढ़ की बाजू से गुजर गई और बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया। इससे उसकी बाइक गिर गई और गुलशन घायल हो गया। न्यू प्लाट में भी सड़क पर पतंग पकड़ने के कारण कार से टकराकर अमित कुमार निवासी न्यू प्लाट घायल हो गया। जानीपुर चौक में पतंग उड़ाने के दौरान छत की दीवार से टकराने पर सुशांत घायल हो गया। इसके अलावा कई जगह पर डोर से हाथ और उंगली में चोट लगने के कारण कुछ युवा घायल हो गए। गांधीनगर और सरवाल अस्पताल से मिली रिपोर्ट के अनुसार छिटपुट घटना से घायल कुछ युवा आए, उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। फिलहाल कोई भी गंभीर मामला अस्पताल में नहीं आया है। जन्माष्टमी के कारण शहर में अधिकतर दुकानें बंद रहीं और गाड़ियां भी कम चलीं। सड़काें पर कम ट्रैफिक होने के कारण हादसे कम हुुए हैं।