जम्मू। केंद्रीय विद्यालय 2 जम्मू छावनी में 44वीं क्षेत्रीय स्तर की खेल स्पर्धाओं में युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर पदक बटोरे। इसमें क्रिकेट और लॉन टेनिस प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया कि अगर उन्हें प्रोत्साहन मिले तो वे किसी से कम नहीं हैं। क्रिकेट में जम्मू संभाग के विभिन्न विद्यालयों से अंडर 19 आयु वर्ग की 16 टीमों के खिलाड़ियों ने शिरकत की। क्रिकेट में केवि 2 जम्मू छावनी ने केवि कारगिल को पछाड़ा। इसी तरह अंडर 14 लान टेनिस प्रतियोगिता में केवि 2 जम्मू कैंट के आचरण ने केवि 4 ममून कैंट पठानकोट के साहिल को शिकस्त दी। अंडर 17 लॉन टेनिस में केवि 2 जम्मू छावनी के समर्थ ने केवि 1 पठानकोट के सौरभ को मात दी। इसके अलावा केवि 2 जम्मू कैंट के मयंक ने केवि 4 ममून कैंट के आशीष को पराजित किया। अंडर 19 आयु वर्ग में केवि 2 जम्मू के प्रणव ने सौजन्य को पछाड़ा। केवि 2 जम्मू के सावंत ने केवि 4 ममून कैंट के अविनाश को बाहर किया। इसके अलावा केवि ज्योतिपुरम ने केवि नंगलपुर को बाहर किया। क्रिकेट में केवि 1 पठानकोट ने केवि 3 पठानकोट को 11 रनों से शिकस्त दी। जम्मू विश्वविद्यालय के मैदान पर हुए अंडर 19 आयु वर्ग में केवि 1 अखनूर ने केवि 3 अमृतसर को बाहर किया। केवि 2 के मैदान पर हुए मुकाबलों में मेजबान केवि 2 जम्मू छावनी ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में केवि 1 जम्मू को आठ रनों से शिकस्त दी। केवि ज्योतिपुरम ने केवि 1 पठानकोट को दो रनों से शिकस्त दी। इसी तरह केवि किश्तवाड़ ने केवि कारगिल को मात दी। केवि 3 पठानकोट ने केवि नंगलपुर को पछाड़ा। एक अन्य मुकाबले में केवि किश्तवाड़ ने अपने जीत अभियान को जारी रखते हुए केवि 1 गांधीनगर को मात दी। जम्मू विवि के मैदान पर केवि भद्रवाह ने केवि 1 अखनूर को पांच विकेट से पछाड़ा। इसके अलावा केवि श्रीनगर ने केवि 1 अमृतसर को पराजित किया।