जम्मू। किश्तवाड़ सड़क हादसे में घायल भद्रवाह, सेरी निवासी अनिल कुमार (20) को मंगलवार की सुबह किश्तवाड़ अस्पताल से जीएमसी रेफर किया गया था, अस्पताल पहुंचने से पहले ही अनिल ने शरीर से अधिक मात्रा में खून बह जाने की वजह से रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि अनिल सरूड़ में जिस वाहन से अपनी बहन से मिल कर घर लौट रहा था, रास्ते में वाहन चिनाब दरिया में जा गिरा। परिवार के लोगों को जब मालूम हुआ कि अनिल को जीएमसी रेफर किया गया है तो उन्होंने तुरंत जम्मू रहने वाले अपने रिश्तेदारों को फोन पर खबर दी तथा जल्द से जल्द जीएमसी पहुंचने को कहा। रेशम घर रहने वाली अनिल के ताया की बेटी निर्मला जीएमसी पहुंची। उसने बताया कि उसके चाचा कुंज लाल ने रोते-रोते उसे फोन बताया पर अनिल सड़क हादसे में गंभीर से जख्मी हो गया है और उसे जीएमसी भेजा गया है, उनके बताने पर वह घर का सारा कामकाज छोड़कर जीएमसी पहुंची। कुछ ही देर में अनिल को एंबुलेंस से निकाला तो आंखों के सामने उसे मृत पाकर वह खुद चक्कर खा गई। निर्मला के अलावा जानीपुर से भी अनिल के रिश्तेदार जीएमसी पहुंचे।
निर्मला के मुताबिक अनिल छह बच्चे में पांचवें नंबर पर था। तीन बड़ी बहनें, एक बड़ा भाई और एक छोटा भाई है। तीन बहनें और बड़ा भाई किशोर शादीशुदा है। परिवार की आर्थिक हालत कमजोर होने पर अनिल अपने भाई किशोर और पिता कुंज लाल के साथ किसानी करता था। इसके साथ-साथ नौकरी की तलाश भी कर रहा था। छोटे भाई की अच्छी पढ़ाई-लिखाई का सपना भी सजाए हुए थे लेकिन भगवान को शायद कुछ और ही मंजूर था। अनिल कुछ दिनों से अपनी बड़ी बहन के घर सरूड़ गया था। मंगलवार को यात्री वाहन से वापस घर सेरी लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में भेज दिया है। परिवार के लोग भी जीएमसी आ रहे हैं।