जम्मू। जेएंडके फारेस्ट और यंग रोवर्स ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर शेर-ए-कश्मीर गोल्ड कप फुटबाल चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। विजेता टीमों के खिलाड़ियों ने सामने वालों पर दबाव की रणनीति बनाकर खेला और उन्हें सफलता भी मिली।
जीजीएम साइंस कालेज के मैदान पर वीरवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में जेएंडके फारेस्ट ने कांटे की टक्कर में सैनिक कालोनी को 2-1 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। मैच के 12वें ही मिनट में आशिक ने शानदार मूव बनाते हुए बाल को गोल पोस्ट में डालकर फारेस्ट को 1-0 से बढ़त दिलाई। इस गोल के बाद अन्य खिलाड़ियों ने भी जोश दिखाया और 20वें मिनट में तौफीक ने प्रतिद्वंद्वियों की रक्षापंक्ति को भेदते हुए शानदार गोल ठोककर टीम को 2-0 से बढ़त दिलाई। सैनिक कालोनी की ओर से धर्मपाल सिंह को 51वें मिनट में एक सफलता मिली लेकिन टीम के अन्य किसी भी खिलाड़ी के कुछ खास नहीं कर पाने से टीम को हार का मुंह देखना पड़ा। एक अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबले में यंग रोवर्स ने जेएंडके पुलिस को कड़ी टक्कर में 1-0 से पराजित किया। हालांकि पहले हाफ में दोनों ओर से जोरदार हमले हुए। लेकिन दोनों ही ओर से रक्षापंक्ति के मजबूत होने से किसी को कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी। लेकिन दूसरे हाफ में यंग रोवर्स की ओर से कौशल ने 55वें मिनट में गोल्डन गोल ठोककर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।