जम्मू। मुबारक मंडी में वीरवार को राष्ट्रीय एकता शिविर में देशभर की संस्कृति की झलक दिखी। नेहरू युवा केंद्र, जम्मू, युवा सेवा एवं खेल विभाग तथा पर्यटन विभाग के सहयोग से करवाए जा रहे इस पांच दिवसीय शिविर में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तरांचल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उड़ीसा और जेएंडके के युवा कलाकारों ने मंच पर रंगारंग एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से धमाल मचाया। इन प्रस्तुतियों में कलाकारों ने पूरे माहौल में देशभक्ति का जज्बा भरा। राष्ट्रीय एकता शिविर के तहत मुबारक मंडी के अलावा यूथ हास्टल नगरोटा में विभिन्न प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा रहा है। मुबारक मंडी में एक के बाद एक प्रस्तुति में कलाकारों ने श्रोताओं को बांधे रखा। जहां ‘मेरा हिंदुस्तान है इस पर दिल कुर्बान, इस पर जान कुर्बान है’, गीत से देशभक्ति की महक फैली, वहीं उड़ीसा का संबल पुरा लोक नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। इसी तरह पंजाब के कलाकारों के भांगड़े ने कई को थिरकने पर मजबूर कर दिया। उड़ीसा से आए ग्रुप लीडर मनोज साहु ने कहा कि एक मंच पर विभिन्न राज्यों की संस्कृति को साथ देखकर अच्छा लग रहा है। इससे सभी को एक-दूसरे से कुछ न कुछ नया सीखने को मौका मिलेगा। इससे पूर्व युवा सेवा एवं खेल विभाग के मंत्री ताज मोहिउद्दीन और पर्यटन मंत्री गुलाम अहमद मीर ने पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ समारोह को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को नया प्लेटफार्म देना है। पर्यटन मंत्री ने देशभर से आए कलाकारों के लिए पत्नीटाप के ट्रिप की घोषणा की। मंत्रियों ने अधिकारियों के साथ मुबारक मंडी परिसर में लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। इस अवसर पर डीजी स्पोर्ट्स नवीन अग्रवाल, पर्यटन विभाग के निदेशक सौजन्य शर्मा, नवीन कुमार नायक, नासिर अहमद आजाद आदि मौजूद रहे।