विजयपुर/रामगढ़। हाइवे पर सोमवार को जम्मू से पठानकोट की ओर जा रहे एक ट्रक ने विजयपुर में एक मोटरसाइकल को कुचल दिया। इस हादसे में बाइक चला रहे एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसकी बहन गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
जानकारी के अनुसार ट्रक जम्मू से पठानकोट की तरफ जा रहा था और मोटरसाइकल रामगढ़ की तरफ जा रही थी। विजयपुर में मोटरसाइकिल की ट्रक के साथ टक्कर हो जाने से बाइक सवार युवक रविंद्र कुमार (25), निवासी खोखरे चक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी उसकी बहन प्रवीण कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को तुरंत विजयपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां रविंद्र की मौत हो गई। वहीं, प्रवीण कुमारी की हालत बेहद गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे जीएमसी रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु रामगढ़ अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी इकबाल चौधरी ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। हादसे के बाद लोहड़ी की खुशियां मातम में बदल गई।