जम्मू। भाजयुमो के बैनर तले खेलेगा युवा जीतेगा भारत के तहत परेड ग्राउंड में करवाई गई क्रिकेट प्रतियोगिता में चंद्रशेखर आजाद क्रिकेट क्लब ने अपने जीत अभियान को जारी रखते हुए दोमाना क्रिकेट क्लब को 52 रनों से पछाड़कर खिताब अपने नाम किया। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए विजेता टीम के साहिल भलवाल को मैन आफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। प्रतियोगिता में 12 विकेट लेकर हरफनमौला प्रदर्शन करने वाले सिद्धांत बागल को मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।
मंगलवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में चंद्रशेखर क्लब ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित बीस ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 143 रनों का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से साहिल भलवाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 52 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा जतिन ने 38 रनों का योगदान दिया। विवेक शर्मा ने भी टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाया।
दोमाना क्रिकेट क्लब की ओर से विशाल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार प्रमुख बल्लेबाजों को बाहर का रास्ता दिखाया, लेकिन लक्ष्य का पीछा करने उतरे टीम के बल्लेबाज कुछ खास करने में सफल नहीं हो सके और 16 ओवर में पूरी टीम 91 रनों पर लुढ़क गई। टीम की ओर से विशु ने सर्वाधिक 22 रनों की पारी खेली। अन्य कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सका। चंद्रशेखर क्लब की ओर से सिद्धांत बागल ने तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इस दौरान खिलाड़ियों की हौसला आफजाई करने जुगल मन्हास, असीम गुप्ता, प्रिया सेठी, असीम गुप्ता, युद्धवीर सेठी आदि पहुंचे।