अखनूर। पिछले नौ दिनों से लापता मेजर डीएस भिंडर का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने मायूस घरवालों ने सैन्य अधिकारी को खोजने वाले को दो लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। अखनूर में चिनाब दरिया में भिंडर का पैर फिसलकर डूब जाने की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। घरवालों ने उनके जिंदा होने की आस करते हुए इनाम की घोषणा की है। साथ ही जानकारी देने वाले की गोपनीयता बरकरार रखने का वादा किया गया है। अखनूर और इसके आसपास के क्षेत्र में मेजर के गुमशुदा होने के पोस्टर लगे नजर आ रहे हैं।
बताया जाता है कि मेजर 15 जनवरी की रात करीब 12.50 बजे चिनाब दरिया में चदियां घाट पर हाथ धोते हुए गिर गए थे। इसके बाद से ही सेना ने हेलीकाप्टर, स्टीमर सहित स्क्वायड डाग की मदद से उन्हें ढूंढने की कोशिश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। पिछले चार दिन से सेना ने सर्च आपरेशन भी बंद कर दिया है। भिंडर के घरवाले और सगे संबंधी सप्ताह भर से यहां डेरा डाले हैं। घरवालों को उम्मीद है कि मेजर अभी जिंदा हैं।
इस बीच, मेजर के डूबने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने भिंडर के मोबाइल की काल डिटेल के साथ ही उनके साथ गए लेफ्टिनेंट स्तर के अधिकारी चेतन शर्मा सहित यूनिट के सीओ और अन्य अधिकारियों के काल डिटेल निकलवाने शुरू कर दिए हैं। थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया इसके लिए सेना का सहयोग लिया जा रहा है। कुछ अधिकारियों सहित भिंडर के घरवालों के बयान दर्ज किए जाएंगे।