दोमाना। नेशनल कांफ्रेंस ने जम्मू और घाटी के लोगों के बीच दूरियां बढ़ाईं हैं। इसके चलते दोनों खित्तों के लोग एक-दूसरे पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं। मढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव सहारन में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की जनसभा में पार्टी अध्यक्षा महबूबा मुफ्ती ने कही।
जनसभा में महबूबा मुफ्ती ने रियासत की सरकार पर हर तरफ से वार किया। उन्होंने कहा कि सरकार हर स्तर पर फेल है। सरकार के पास लोगों की भलाई के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने लोगों से बदलाव लाने की मांग करते हुए कहा कि देश में बदलाव हो रहा है। इस बार न तो दिल्ली में कांग्रेस की सरकार आएगी और न ही राज्य में। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा बिजली पर दी जाने वाली सब्सिडी खत्म करने वाले बयान की निंदा की। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन में हुए घोटाले में भी फारूक अब्दुल्ला पर आरोप लगाए। पीडीपी जिला ग्रामीण प्रधान ठाकुर सूरम सिंह ने कहा कि 2008 के चुनावों में नेकां ने अपने घोषणापत्र में आठवीं पास को नौकरी देने का वादा किया था जो सत्ता में आते ही भुला दिया गया। सरकार के पास युवाओं के पास कोई नीति नहीं है। पार्टी के उम्मीदवार यशपाल शर्मा ने लोगों से परिवर्तन लाने का आह्वान किया। इस मौके पर पूर्व विधायक शांति देवी, अशोक शर्मा, चमन लाल मन्याल, बद्री नाथ, लाल चंद, जोनल प्रधान विक्रम सिंह लंगेह आदि उपस्थित थे।