जम्मू। नटरंग की ओर से संडे थिएटर के तहत हिंदी नाटक ‘16 मार्च रात दो बजे’ का मंचन किया गया। विनोद कुमार के लिखे नाटक में निर्देशन नीरज कांत का था। नाटक में दिखाया गया कि किस प्रकार से हमारे देश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। हमारे देश की युवा ताकत है, बावजूद उसके हमारे युवा अपनी ताकत को नहीं पहचान रहे हैं। हाल यह है कि हमारे युवा राजनेताओं के हाथों की कठपुतली बने हुए हैं। अच्छे अंक लेकर भी युवा नौकरी हासिल करने के लिए तमाम तरह की रिश्वत देने को तैयार हैं। नाटक में ऐसे ही एक लड़के और लड़की को दिखाया गया, जो निराश होकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की योजना बनाते हैं लेकिन उनको हैरानगी तब होती है, जब तमाम लोग उनकी स्थिति का फायदा उठाना चाहते हैं। आखिरकार उनको यह अहसास होता है कि देश पर उनका अधिकार है और उनको अपनी मर्जी से जीने और मरने का पूरा अधिकार है। नाटक में वरुण शर्मा, सईद मुदस्सर अली शाह, नम्रता चिब, महीक्षित सिंह संबयाल और पंकज वर्मा ने विभिन्न भूमिकाएं निभाईं।