जम्मू। सिटीजन कोआपरेटिव बैंक शेयर होल्डर एसोसिएशन ने शुक्रवार को जम्मू प्रेस क्लब में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के प्रेसीडेंट प्रवीण चौधरी ने आरोप लगाया कि बैंक लगातार घाटे में जा रहा है, जबकि चेयरमैन और बोर्ड आफ डायरेक्टर्स के सदस्य इससे इंकार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चेयरमैन, डायरेक्टर्स और एमडी अपने नियम कानून से बैंक को चला रहे हैं। इस संबंध में रिजर्व बैंक आफ इंडिया (आरबीआई) और रियासती सरकार को भी जानकारी दी गई है। आरबीआई ने मामले की जांच भी की है और कई मामलों में कड़े निर्देश भी दिए हैं। चौधरी ने कहा कि बैंक के घाटे को पूरा करने के लिए बैंक की बाहु प्लाजा और नरवाल स्थित जमीन को बेचने का प्रयास किया जा रहा है। यदि वाकई में बैंक घाटे में नहीं है तो बैंक की संपत्ति बेचने का क्यों प्रयास किया जा रहा है। पिछले छह साल से एजीएम नहीं बुलाई जा रही। अब चूंकि जमीन बेचनी है तो एजीएम में अनुमति लेनी आवश्यक है। इसलिए आने वाले दिनों में एजीएम बुलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि बैंक प्रबंधन सचेत नहीं होता है तो बैंक का घाटा और बढ़ेगा तथा बैंक के 242 मुलाजिमों के रोजगार पर भी खतरा बनेगा। सरकार इस मामले में जांच कर हस्तक्षेप करे।