जम्मू। आग में झुलसने से गंभीर हालत में जीएमसी में उपचाराधीन महिला ने शनिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। महिला स्टोव ब्लास्ट होने से आग की चपेट में आ गई थी। किरपिंड, आरएस पुरा निवासी नीलम कुमारी (18) अपने निवास स्थान पर स्टोव ब्लास्ट होने से आग की चपेट में आई थी। केरोसिन उसके शरीर पर गिर गया था। इससे आग ने बड़ी तेजी के साथ नीलम के शरीर को अपने शिकंजे में ले लिया। किसी तरह से परिवार के लोगों ने नीलम को आग की लपटों से बाहर निकाला और आरएस पुरा के अस्पताल में भर्ती करवाया था। वहां महिला की हालत गंभीर होती देख डाक्टरों ने महिला को 18 मार्च, 2014 को जीएमसी रेफर कर दिया था। डाक्टरों के मुताबिक महिला का शरीर 35 फीसदी जल चुका था। हालत पहले ही काफी गंभीर बनी हुई थी। जीएमसी में इलाज के दौरान नीलम की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में भेज दिया है।