जम्मू। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को श्रीनगर स्थित राजभवन में राज्यपाल एनएन वोहरा से लंबी मुलाकात की। एक घंटे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री ने रियासत की सुरक्षा व्यवस्था के अलावा हाल ही में संपन्न हुए संसदीय चुनाव पर समीक्षा की।
खासकर लाइन आफ कंट्रोल पर लगातार घुसपैठ के हो रहे प्रयासों पर दोनों ने चर्चा की। साथ ही कश्मीर यूनिवर्सिटी के कुछ मामलों और अंतरिम सुरक्षा पर विचार किया गया। गवर्नर एनएन वोहरा से मंगलवार को राजभवन में कई उच्चाधिकारियों ने मुलाकात कर विभाग और कार्य स्थल में किए जा रहे कार्यों से अवगत करवाया। कश्मीर यूनिवर्सिटी की वाइस चांसलर प्रो. तलत अहमद ने गवर्नर से मुलाकात कर यूनिवर्सिटी में करवाए जा रहे एकेडमिक, रिसर्च, सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रमों के बारे में पूरी जानकारी दी। वहीं अदबी मरकज कमरज के प्रधान डा. अजीज हाजीनी ने राजभवन में गवर्नर से मुलाकात कर बताया कि अदबी मरकज कमरज कश्मीर के जाने-माने लेखकों और साहित्यकारों द्वारा लिखी किताबों को छापकर कश्मीर की भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए अपना योगदान देने में लगा हुआ है। इसके अलावा मिशीगन में स्थित अंतरराष्ट्रीय यूनिवर्सिटी के स्कूल आफ मेडिसिन के उपप्रधान प्रो. रवि ने राजभवन में गवर्नर वोहरा से मुलाकात की। प्रो. रवि ने गवर्नर वोहरा को बताया कि मिशीगन यूनिवर्सिटी के मेडिसिन विभाग के उप प्रधान डा. देवा रामलू के साथ मिलकर श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड और डाक्टरों को क्लीनिकल कार्डियोलाजी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी और ट्रेनिंग देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस ट्रेनिंग के जरिये यात्रा के दौरान डाक्टरों को यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने में आसानी होगी।