जम्मू। शहर को जल्द ही नया सीनियर सुपरिंटेंडेंट आफ पुलिस (एसएसपी) मिलेगा। वर्तमान एसएसपी अतुल गोयल जल्द नई दिल्ली के एनआईए में ज्वाइन करेंगें। इस संबंध में एनआईए दिल्ली से उनकी नियुक्ति का पत्र आ चुका है। अब राज्य सरकार के ऊपर है कि वह कब उन्हें रिलीज करती है।
एसएसपी ने खुद सरकार से एनआईए में जाने की इच्छी जताई थी। इसके बाद सरकार ने उनके प्रस्ताव को आगे भेजा था। एनआईए से हरी झंडी मिलने के बाद अब यह राज्य सरकार के पास मामला पहुंचा है। नियमानुसार एसएसपी लगभग पांच साल तक एनआईए में योगदान करने के बाद वापस जम्मू-कश्मीर लौट आएंगे। 2004 कैडर के आईपीएस अतुल गोयल ने जून 2013 में जम्मू एसएसपी का कार्यभार संभाला था। उसके पहले वे कठुआ में तैनात थे। एनआईए जाने के बाद एसएसपी को कम से कम पांच साल वहां योगदान करना होगा। उसके बाद ही वर्ष 2019-20 में उनकी जम्मू-कश्मीर में वापसी होगी। जानकारों के अनुसार तब तक वे डीआईजी पद पर पदोन्नत हो चुके होंगे। एसएसपी अतुल गोयल ने अनौपचारिक बातचीत में स्वीकार किया कि उन्होेंने एनआईए के लिए इच्छा जताई थी, ताकि उस फील्ड का भी अनुभव हासिल कर सकें। उनके प्रस्ताव को राज्य सरकार ने भी स्वीकार कर लिया। अब सरकार के ऊपर है कि कब रिलीज करती है। उधर, एसएसपी के जाने की सूचना के बाद उनके उत्तराधिकारी को लेकर भी नाम सामने आने लगे हैं।