जम्मू। उच्च शिक्षा विभाग ने रियासत के 42 डिग्री कालेजों में अगले सत्र से नये विषयों को शुरू करने को मंजूरी दे दी है। इन कालेजों में चौदह कालेज जम्मू संभाग में, जबकि 28 कालेज कश्मीर संभाग के हैं। जिन कालेजों में नये विषय शुरू किए जाएंगे, उनमें नये खुले और दूरदराज के कालेज शामिल हैं। गौरतलब है कि दूरदराज के इलाकों के छात्रों के अलावा छात्र संगठन खासतौर पर कालेजों में नये विषय शुरू करने की मांग लंबे समय से कर रहे थे।
उच्च शिक्षा विभाग ने जम्मू संभाग के जिन कालेजों में नये विषय शुरू करने का फैसला किया है, उनमें गवर्नमेंट डिग्री कालेज बिश्नाह में फिलास्फी, गवर्नमेंट डिग्री कालेज अखनूर में कामर्स, गवर्नमेंट डिग्री कालेज आरएस पुरा में जियोग्राफी, गवर्नमेंट डिग्री कालेज जिंद्राह में उर्दू, गवर्नमेंट डिग्री कालेज खौड़ में डोगरी, गवर्नमेंट डिग्री कालेज हीरानगर में हिस्ट्री और म्यूजिक और गवर्नमेंट डिग्री कालेज किलोदेरान ने सोशियोलॉजी विषय को शुरू किया जाएगा। इसके अलावा डिग्री कालेज बसोहली में जियोग्राफी, डिग्री कालेज बिलावर में साइकोलॉजी, डिग्री कालेज थन्नामंडी में इस्लामिक स्टडीज और परशियन, लड़कों के डिग्री कालेज उधमपुर में साइकोलॉजी, डिग्री कालेज सांबा में जियोग्राफी, डिग्री कालेज सूरनकोट में हिस्ट्री और डिग्री कालेज बुद्धल में जियोग्राफी को शुरू किया किया जाएगा। विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।