कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा तक रेल सेवा बहाल करने के लिए प्रधानमंत्री दौरे के मद्देनजर प्रशासन अमला काफी सक्रिय हो गया है। विभिन्न इंतजामों को पूरा करने के लिए रविवार को भी दिन भर स्टेशन परिसर में काफी हरकतें नजर आईं। रेलवे स्टेशन के पास ही बनाए गए नए हेलिपैड को जहां आखिरी रूप दिया जा रहा है, वहीं स्टेशन के मुख्य द्वार तक तारकोल डालने का काम पूरा कर दिया गया है। स्टेशन के आसपास तारबंदी का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
गौरतलब है कि शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा धर्मनगरी में रेल सेवा को हरी झंडी दिए जाने का प्रोग्राम निर्धारित है। स्टेशन के मुख्य द्वार से बारह सौ मीटर की दूरी पर नया हेलिपैड बनाया गया है, जहां पर तीन हेलिकाप्टर के उतरने की व्यवस्था है। हेलिपैड को आखिरी रूप देने के लिए अधिकारी रविवार को सक्रिय नजर आए। आसपास में अभी से सुरक्षा कर्मियों की तैनाती शुरू कर दी गई है। स्टेशन के विभिन्न प्रवेश द्वारों पर तारबंदी का काम भी आखिरी चरण में है। इसके अतिरिक्त प्रमुख द्वार को रंग-बिरंगी लड़ियों से सजाने की कवायद भी तेज है। रेलवे स्टेशन तक जाने वाले मार्गों को पेंट करने के साथ ही साफ-सफाई का काम शुरू हो गया है। एक दिन पहले शनिवार को ही राज्य के आला अधिकारियों ने स्टेशन का दौरा कर विभिन्न इंतजामों का जायजा भी लिया था तथा जरूरी निर्देश जारी किए थे।सनद रहे कि दस दिन पहले ही भवन के नजदीक ही पंछी व्यू प्वाइंट के पास बनाए गए हेलिपैड पर भी राज्य सरकार के हेलीकाप्टर को उतारने का ट्रायल हुआ था। वैष्णो देवी के दर्शन के लिए प्रधानमंत्री का हेलिकाप्टर भी नये हेलिपैड पर उतर सकता है।