जम्मू। अलग-अलग हादसों में बुधवार को दो लोगों की मौत हो गई। एक की करंट लगने से तो दूसरे मामले में मजदूर की मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार सरवाल पुलिस चौकी के अंतर्गत बुधवार को सरवाल चौक स्थित अपने घर में करंट लगने से हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। चिल्लाने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो देखा कि हेड कांस्टेबल धर्मपाल (55) की मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक कांस्टेबल धर्मपाल अपने घर में बिजली में कोई खराबी होने के चलते उसे ठीक कर रहा था कि तभी अचानक वह करंट की चपेट में आने से बुरी तरह से झुलस गया। परिवार के लोगों ने उसे अफरातफरी में अस्पताल पहुंचाया लेकिन हेड कांस्टेबल धर्मपाल ने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक हेड कांस्टेबल करंट की चपेट में कैसे आया, इनकी जांच की जा रही है।
उधर दूसरे मामले में चिनाब टैक्सटाइल मील में काम करते वक्त एक मजदूर गंभीर रूप से मशीन की चपेट में आ गया। इससे मूलरूप से बिहार मौजूद सीटीएम कठुआ निवासी धुपेंद्र सिंह (40) की कुछ ही मिनटों में मौत हो गई। इससे पहले उन्हें कठुआ के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, वहां से गवर्नमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल जम्मू रेफर कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक धुपेंद्र सिंह चिनाब टैक्सटाइल मील में काम करते थे। बुधवार को काम करते वक्त अचानक वह मशीन की चपेट में आ गए। इससे उनके शरीर का काफी हिस्सा मशीन में दब गया। जिस कारण उनका शरीर बुरी तरह से घायल हो गया। अन्य साथियों ने उन्हें घायल अवस्था में मशीन से बाहर निकाला और अफरा-तफरी में धुपेंद्र सिंह को कठुआ के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से उन्हें जीएमसी रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।