उधमपुर। मानदेय बढ़ाने, स्थायी सरकारी कर्मचारी बनाने व अन्य लंबित मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर ने बुधवार को हड़ताल को जारी रखते हुए शहीद भगत सिंह पार्क के अंदर धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया। आंगनबाड़ी वर्कर्स का कहना है सरकार की तरफ से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तो बड़े बड़े आह्वान किए जा रहे हैं, लेकिन कई महीनों से बेटियां सड़कों पर हैं और कोई उनकी सुध नहीं ले रहा है।
सुबह नौ बजे से जिले के विभिन्न हिस्सों से आंगनबाड़ी वर्कर्स शहीद भगत सिंह पार्क में पहुंच चुकी थीं। जहां सभी ने दोपहर दो बजे तक धरना देकर प्रदर्शन किया। सभी ने जमकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान आंगनबाड़ी वर्कर्स ने बताया कि जम्मू में करीब साढ़े तीन महीने से और उधमपुर में करीब डेढ़ महीने से आंगनबाड़ी वर्कर्स धरना देकर प्रदर्शन कर रही हैं और जानकारी होने के बावजूद राज्य सरकार ने आंखें बंद करके रखी है। कोई मांग को पूरा करना तो दूर उनकी परेशानी व मांग को सुनने के लिए भी उनके पास नहीं पहुचा है। केंद्र व राज्य सरकार बेटियों के विकास के लिए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का आह्वान कर रही हैं, लेकिन आंगनबाड़ी सेंटर में काम करने वाली बेटियों की मांगों की तरफ तो कोई ध्यान नहीं दे रहा है। सड़कों में उतरने पर तो लाठियां बरसाई जा रही हैं। मांगें पूरी न करने को लेकर सरकार अपनी जिद पर अड़ चुकी हैं, लेकिन इससे आंगनबाड़ी वर्कर्स पीछे नहीं हटेंगी। सभी आंगनबाड़ी वर्कर्स ने निर्णय लिया है कि जब तक मांगे पूरी नहीं होगी, तब तक न तो कोई काम करेगी और न ही कोई प्रदर्शन बंद करेंगी।