उधमपुर/रामनगर। पंचैरी में बिछी बर्फ की सफेद चादर से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। पंचैरी के ज्यादातर मार्ग वीरवार को भी बंद रहे और हालात ऐसे पैदा हो गए कि बीमार लोगों को पीठ पर उठाकर अस्पताल तक लाना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि जानकारी देने के बावजूद पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई की तरफ से मार्ग से बर्फ नहीं हटाई गई है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले पंचैरी व मोंगरी में भारी बर्फबारी हुई थी और दोनों तहसीलें जिले मुख्यालय से कट गई थी। पीएमजीएसवाई और पीडब्ल्यूडी दो दिन बाद भी मार्गों से बर्फ नहीं हटा पाए। वीरवार को पंचैरी के लोगों को जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित रहा। मार्ग पर बर्फ बिछी होने के कारण लोग घरों में दुबक कर बैठने को मजबूर हो गए हैं। वीरवार को ग्रामीणों के लिए बीमार को अस्पताल तक पहुंचाना मुश्किल हो गया। मार्ग पर बिछी बर्फ के कारण एंबुलेंस पीएचसी पंचैरी से बाहर नहीं निकल सकी। इसी कारण कई ग्रामीण बीमार व्यक्ति को पीठ पर उठाकर अस्पताल पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि कि अगर जल्द बर्फ नहीं हटाई तो सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।