दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों ने बीती रात छापेमारी के दौरान पत्थरबाजी में शामिल एक दर्जन युवाओं को गिरफ्तार किया। इनकी रिहाई के लिए स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन भी किया।
पुलिस के अनुसार जिले के आरिहाल गांव से 12 युवकों को उठाया गया है। सुरक्षाबलों पर पत्थरबाजी करने के इनके खिलाफ पुख्ता सबूत हैं। पुलिस द्वारा इन युवाओं को समय-समय पर पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट करने को कहा गया था, लेकिन वे थाने नहीं पहुंच रहे थे। इस वजह से छापा मारकर उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा।
एक सप्ताह पहले इसी गांव से करीब एक दर्जन युवाओं को उठाया गया था। दक्षिणी कश्मीर में चुनावों के दौरान हालात बिगड़ने के अंदेशे से पुलिस द्वारा उन सभी शरारती तत्वों पर शिकंजा कसा जा रहा है जिन पर हिंसा भड़काने का शक है।