घाटी में अलगाववादियों के शुक्रवार को अनंतनाग चलो कॉल को पुलिस ने विफल बना दिया। हुर्रियत (एम) प्रमुख मीरवाइज उमर फारूक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस बीच श्रीनगर तथा अनंतनाग में पाबंदियां लागू की गई थीं।
अनंतनाग में जुमे की नमाज के बाद हिंसा भड़की। हिंसा की आशंका में बनिहाल से श्रीनगर के बीच ट्रेन सेवा भी बंद रही।मीरवाइज ने नजरबंदी को तोड़कर नगीन स्थित आवास से जुलूस निकालने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
उन्हें नगीन थाने ले जाया गया। मीरवाइज ने पहले ही ट्वीट कर यह जानकारी दी थी कि वह दोपहर 12:30 बजे अपने घर से अनंतनाग की ओर रैली निकालेंगे। अनंतनाग के ओल्ड टाउन के कदीपोरा इलाके में जुमे की नमाज के बाद युवा सुरक्षाबलों से भिड़ गए।
उन्होंने जवानों पर पथराव किया। पथराव कर रही भीड़ को खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। इलाके में काफी देर तक हिंसक प्रदर्शन जारी रहने से अफरातफरी की स्थिति रही। जिले में वीरवार रात से ही मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थीं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पूरे अनंतनाग जिले में धारा 144 लागू की गई थी, जबकि श्रीनगर के पुराने शहर के छह थाना क्षेत्रों रैनावारी, नौहट्टा, महाराज गंज, सफाकदल, मायसूमा और क्रालखुड थाना क्षेत्रों में पाबंदियां लागू की गईं थीं।
सभी संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। गिरफ्तारी के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मीरवाइज ने कहा कि जब सरकार ने यह बयान दिया था कि हर किसी को अपनी बात रखने का हक है तो ज्वाइंट रेजिस्टेंस लीडरशिप (जेआरएल) के अनंतनाग चलो कॉल के बाद पाबंदियां लगा दी गईं।
कश्मीरियों को ताकत के बल पर दबाया जा रहा है, लेकिन एक बात साफ है कि जितना दबाया जाएगा उतनी ही मजबूती से हमारी मुहिम जारी रहेगी।