रियासत में आगामी चौबीस घंटों में कई स्थानों पर बारिश के आसार हैं। शनिवार को जम्मू के कई आसपास के इलाकों में बारिश से मौसम सुहाना हुआ।
मौसम में बदलाव से दिन के पारे में थोड़ी गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में जम्मू और कश्मीर के कुछ इलाकों में बारिश के साथ आगामी 27 से 29 जुलाई को कई स्थानों पर बारिश होगी। इसका असर लद्दाख संभाग पर भी रहेगा।
पिछले चौबीस घंटों में जम्मू में 1.4 बारिश हुई, लेकिन आगामी दिनों में यह ग्राफ ऊपर चढ़ सकता है। यहां शनिवार को दिनभर लगभग बादल छाए रहे।
इस बीच शाम को ठंडी हवाएं भी चलीं। आगामी दिनों में लगातार कई दिन तक मौसम खराब रहने की सूरत में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार पड़ सकती है। जम्मू में दिन का पारा सामान्य से दो डिग्री लुढ़क कर 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।