सिर व माथे पर बर्नर से वार कर महिला की हत्या
- अग्रोहा थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर दंपति के खिलाफ किया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। अग्रोहा निवासी एक महिला पर गैस के बर्नर से वार कर मौत के घाट उतार दिया गया। मामले के संबंध में अग्रोहा थाना पुलिस ने ठंडी सड़क पर वाल्मीकि मोहल्ला निवासी मृतक महिला के भाई गोविंदा की शिकायत पर अग्रोहा में भूना रोड निवासी पूनम और उसके पति दीपक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
----
पुलिस को दी ये शिकायत
पुलिस को दी शिकायत में गोविंदा ने बताया कि उसकी बहन रेनू की शादी कई वर्ष पूर्व भिवानी निवासी सुशील के साथ हु्ई थी। शादी के कुछ समय बाद अनबन के चलते रेनू ने सुशील को छोड़ दिया और बेटे वंश के साथ अग्रोहा निवासी दीपक के साथ रहने लगी। गोविंदा ने बताया कि दीपक की पत्नी फतेहाबाद के जांडली कलां निवासी पूनम भी उससे अनबन के चलते लंबे समय से अपने मायके चली गई थी। इस बीच करीब 9 माह पूर्व पूनम वापस दीपक के पास आकर रहने लगी। गोविंदा ने बताया कि इसके बाद पूनम और रेनू में झगड़ा रहने लगा।
-----
रेनू ने बताया था पूनम कर रही है तंग
गोविंदा ने बताया कि इसी दौरान रेनू कुछ दिन पूर्व उसे डोगरान मोहल्ला स्थित एक अस्पताल के बाहर मिली। यहां रेनू दवा लेने आई थी। उस दौरान रेनू ने गोविंदा को बताया कि पूनम उसे परेशान करने लगी है। इसमें दीपक भी पूनम का साथ दे रहा है। गोविंदा ने पुलिस को बताया कि 6 अक्तूबर को उन्हें सूचना मिली कि दीपक ने रेनू के सिर व माथे पर गैस की भट्ठी के बर्नर से कई वार कर हत्या कर दी।
-----
मृतका के बेटे ने भी कहा हुई है हत्या
गोविंदा ने बताया कि इस बारे भांजे वंश से पूछा गया तो उसने भी दीपक द्वारा हत्या की वारदात को अंजाम देना बताया। गाेविंदा ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने रेनू को मृत अवस्था में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में पहुंचा दिया। गोविंदा का आरोप है कि रेनू की हत्या में साजिश के तहत पूनम ने दीपक का साथ दिया है। मामले में पुलिस ने दीपक व पूनम के खिलाफ धारा 302, 120बी और 34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।