बेकाबू टेंपो की टक्कर से महिला की मौत
रायबरेली। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के नवोदय चौराहे पर बुधवार को शहर की ओर से आ रहे टेंपो चालक ने महराजगंज की तरफ जा रहे बाइक सवार को साइड से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर बैठी महिला रोड पर गिर गई और उसके सिर के ऊपर से टेंपो गुजर गया। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति व बेटा बाल-बाल बच गए।
माझगांव जमुरांवा निवासी राकेश (35) बुधवार को अपनी पत्नी सुमन (30) और छह वर्षीय बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर नवोदय चौराहा की ओर जा रहे थे।
इसी बीच रायबरेली की ओर से आ रहे टेंपो चालक ने बगल में पहुंचते ही बाइक सवार को कट मार दिया, जिससे उस पर बैठी सुमन सड़क पर गिर गई और टेंपो उनके ऊपर से चढ़कर निकल गया। हादसे में सुमन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति व बेटा बाल-बाल बच गया।
महिला की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल धर्मेंद्र दुबे ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। हादसा करने वाले टेंपो चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है।